सेजेस बिलाईगढ़ की कक्षा 7वीं की छात्रा ने बढ़ाया सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का मान।
राजकुमार जांगड़े।
बलौदाबाजार टाईम्स न्यूज - सारंगढ
बिलाईगढ़। सेजेस बिलाईगढ़ की कक्षा 7वीं की होनहार छात्रा आराधना रत्नाकर, पिता श्री संतोष रत्नाकर, ने जूडो खेल में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय सहित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का नाम रोशन किया है। आराधना का चयन राज्य स्तरीय SGFI (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दिनांक 18 अगस्त को पीएम श्री सेजेस कन्या विद्यालय, बिलासपुर में आयोजित संभाग स्तरीय SGFI प्रतियोगिता में अंडर-14 बालिका वर्ग में आराधना ने उत्कृष्ट खेल कौशल और दमदार प्रदर्शन का परिचय देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की की। अब आराधना 30 अगस्त को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए दुर्ग जिले के लिए रवाना होंगी। वह बिलासपुर संभाग की ओर से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले एवं सेजेस बिलाईगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। आराधना की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य सहित समस्त शिक्षक-कर्मचारी और क्रीड़ा प्रभारी ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अग्रिम बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि आराधना राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और विद्यालय का गौरव बढ़ाएंगी। आराधना की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास के दम पर छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
Tags
बिलाईगढ
