दुर्गा अष्टमी पर महामाया मंदिर लवन में उमड़ा आस्था का जनसैलाब


माता रानी के दर्शन के लिए भक्तों का लगा तांता, जयकारों से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर


ताराचंद कठोत्रे--- बलौदाबाजार - लवन। शारदीय नवरात्रि की दुर्गा अष्टमी पर लवन स्थित प्रसिद्ध महामाया मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। माता रानी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा परिसर माता के जयकारों से गूंज उठा।

दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने माता महामाया के दरबार में मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। भक्त नारियल, चुनरी, फूल-माला और पूजा सामग्री लेकर माता के दर्शन के लिए पहुंचे। नवरात्रि के इस विशेष दिन पर श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।


भक्ति और आस्था से सराबोर हुआ मंदिर परिसर

दुर्गा अष्टमी हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व रखती है। इस दिन मां दुर्गा के महागौरी स्वरूप की पूजा-अर्चना की जाती है। इसी आस्था के साथ लवन महामाया मंदिर में भी भक्तों ने माता की आराधना कर सुख-शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की चहल-पहल और भक्तिमय वातावरण ने नवरात्रि की रौनक को और बढ़ा दिया।


लवन सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं के लिए महामाया मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है। दुर्गा अष्टमी के अवसर पर यहां उमड़ी भीड़ ने नवरात्रि के प्रति लोगों की गहरी श्रद्धा को दर्शाता है। वहीं श्रद्धालुओं के सुरक्षा के लिए लवन थाना से पुलिस बल के जवान दिनेश कुमार घृतलहरे, राकेश पाटले, ओंकार साहू एवं सोनम भट्ट मंदिर परिसर में तैनात रहे।

Balodabazartimes

बलौदाबाजार टाईम्स न्यूज़ पोर्टल एवं चैनल

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने