वहीं ग्राम सचिव को नगर पंचायत लवन अटल परिसर बुलाकर हस्ताक्षर कराने पर उठे सवाल।
(ताराचंद कठोत्रे )
बलौदाबाजार टाईम्स न्यूज। । कसडोल क्षेत्र के ग्राम कोट स्थित आशु क्रेशर से जुड़े जांच प्रतिवेदन को लेकर अब जांच प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि जांच प्रतिवेदन पर कोटवार के पुत्र से दबावपूर्वक हस्ताक्षर करवाए गए। वहीं ग्राम सचिव को भी लवन नगर पंचायत स्थित अटल परिसर में बुलाकर जांच प्रतिवेदन पर हस्ताक्षर करवाने की बात सामने आई है। मामला कसडोल विकासखंड के ग्राम कोट से संबंधित बताया जा रहा है। ऐसे में ग्रामीणों और संबंधित पक्षों की ओर से सवाल उठाया जा रहा है।
कि जब जांच का विषय ग्राम कोट से जुड़ा था, तो ग्राम सचिव को लवन नगर पंचायत के अटल परिसर में बुलाकर हस्ताक्षर कराने की आवश्यकता क्यों पड़ी? क्या इसके पीछे कोई प्रशासनिक कारण था, अथवा जांच प्रक्रिया के तहत ही संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को वहां बुलाया गया था ? इसके अलावा कोटवार के पुत्र से कथित रूप से दबाव में हस्ताक्षर कराने के आरोप को लेकर भी स्थिति स्पष्ट किए जाने की मांग उठ रही है। जांच प्रतिवेदन में हस्ताक्षर किस परिस्थिति में, किसके समक्ष और किस स्थान पर कराए गए, यह भी जांच का विषय बन गया है। मामले में संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। यदि हस्ताक्षर स्वेच्छा से कराए गए हैं तो उसका आधार और प्रक्रिया भी सार्वजनिक किए जाने की मांग की जा रही है, ताकि जांच प्रतिवेदन की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों का समाधान हो सके।
Tags
बलौदाबाजार

