राजीनामा करने वाले पक्षकारों को पौधे का उपहार, न्यायालयों मे निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा
बलौदाबाजार टाइम्स न्यूज।। बलौदाबाजार 12 सितम्बर 2026/ जिले मे शनिवार को वर्ष 2026 की तृतीय नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिला एवं तहसील न्यायालयों में किया गया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विनीता वार्नर ने दीप प्रज्जवलित कर लोक अदालत का उद्घाटन किया। जिला एवं सत्र न्यायालय एवं व्यवहार न्यायालय भाटापारा, सिमगा, कसडोल में खण्डपीठ का गठन किया गया, साथ ही राजस्व न्यायालयों में भी खण्डपीठ का गठन किया गया था।लोक अदालत मे न्यायालय में लंबित प्रकरण, ट्रैफिक चालान, अन्य लघु अपराध एवं राजस्व न्यायालयों सहित कुल 48344 प्रकरण रखे गये थे जिसमें से 43961 प्रकरण का निराकरण किया गया है। प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश बलौदाबाजार में गठित खण्डपीठ, पीठासीन अधिकारी संगीता नवीन तिवारी के द्वारा एक सफल प्रकरण का निराकरण किया गया, जिसमें मृतक की दो पत्नियां एवं उनसे उत्पन्न संतानों के मध्य 4 वर्षों से बंटवारा विवाद लंबित था। अपीलय न्यायालय द्वारा उभयपक्ष को दिये गये सुलह-समझाईस के आधार पर प्रकरण का अंतिम निराकरण किया गया और इस तरह 4 वर्ष से लंबित बंटवारा विवाद का सुखद समाधान हुआ तथा पक्षकारों के मध्य सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित हुआ। कुटुम्ब न्यायालय बलौदाबाजार में गठित खण्डपीठ, पीठासीन अधिकारी राजभान सिंह के द्वारा 23 प्रकरणों का निराकरण किया गया। उक्त न्यायालय में लंबित विधिक दाण्डिक प्रकरण क्रमांक 131/2026 जिसमें आवेदिका मंजू सोनी ने अनावेदक सूरज सोनी के विरूद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 144 के तहत् अपने तथा अपनी पुत्री नाबालिक रूही सोनी के भरण पोषण हेतु राशि प्रदान किये जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया था। न्यायालय के द्वारा समझाईश दिये जाने पर उभयपक्ष अपनी नाबालिग पुत्री रूही के बेहतर भविष्य को देखते हुये एक साथ रहकर दांपत्य जीवन का निर्वहन करने हेतु तैयार हुये है। इसी प्रकार न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, बलौदाबाजार में गठित खण्डपीठ, पीठासीन अधिकारी शप्रशांत कुमार भास्कर के द्वारा बजरंग ट्रेडर्स वि. सिद्धि कंस्ट्रक्शन अंतर्गत धारा 138 एन.आई.ए. का प्रकरण वर्ष 2021 से लंबित 5 वर्ष से अधिक समय से लंबित रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के द्वारा आपसी सहमति से निराकृत कराया गया। न्यायालय में उपस्थित होकर नेशनल लोक अदालत में राजीनामा करने वाले सभी पक्षकारों को मामले के समझौते के पल को स्मृति के रूप में संयोजने के लिये निःशुल्क फलदार पौधों का वितरण किया गया। नेशनल लोक अदालत में उपस्थित पक्षकारों के लिये जिला मुख्यालय बलौदाबाजार के साथ साथ व्यवहार न्यायालय सिमगा, भाटापारा एवं कसडोल में निः शुल्क चिकित्सा जांच की व्यवस्था की गई थी। निःशुल्क स्वास्थ्य जांच में जिला अस्पताल बलौदाबाजार की सहभागिता रही है। नेशनल लोक अदालत की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन के द्वारा इस वर्ष भी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
Tags
बलौदाबाजार
