सिटी कोतवाली पुलिस का बड़ा एक्शन: जिले में निवासरत बाहरी मजदूरों एवं किराएदारों के सत्यापन हेतु चला विशेष चेकिंग अभियान



पुलिस अधीक्षक  गौरव राय (IPS) के निर्देशों पर 03 विशेष टीमों का गठन; संदिग्धों एवं संभावित अवैध प्रवासियों की हुई सघन जांच

​पहचान पत्रों (वोटर ID, आधार कार्ड) का भौतिक सत्यापन; मोबाइल ऐप्स व फंक्शनों की भी की गई बारीकी से पड़ताल!*
सीमेंट संयंत्रों (अडानी अंबुजा रवान व न्यू विस्टा रिसदा) की लेबर कॉलोनियों तथा बलौदाबाजार शहर के संवेदनशील इलाकों में ताबड़तोड़ जांच!

​बायोमीट्रिक सत्यापन के तहत कुल 68 संदिग्धों का लिया गया फिंगरप्रिंट; 350 से अधिक लोगों से हुई सघन पूछताछ


​बलौदाबाजार टाईम्स न्यूज़।। 
जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने, आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा बाहर से आकर निवासरत संदिग्ध व्यक्तियों एवं संभावित अवैध प्रवासी नागरिकों की पहचान सुनिश्चित करने हेतु पुलिस अधीक्षक  गौरव राय (IPS) के कुशल निर्देशन में तथा  उषा सोन्धिया एसडीओपी बलौदाबाजार के मार्गदर्शन में आज दिनांक 09.08.2026 की सायंकाल एक व्यापक व सघन विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। ​इस अभियान के अंतर्गत पुलिस की 03 अलग-अलग विशेष टीमों का गठन कर जिले के औद्योगिक क्षेत्रों, लेबर कॉलोनियों तथा शहर के संवेदनशील मोहल्लों में एक साथ दबिश दी गई।


​जांच प्रक्रिया एवं सत्यापन ​अभियान के दौरान बाहरी राज्यों/जिलों से आकर मजदूरी एवं किराएदारी कर रहे व्यक्तियों के पहचान पत्रों जैसे- वोटर आईडी कार्ड, आधार कार्ड आदि का कड़ाई से भौतिक सत्यापन किया गया। इसके अतिरिक्त सुरक्षा के दृष्टिकोण से संदिग्धों के मोबाइल फोन लेकर उनके विभिन्न ऐप्स, कॉल डिटेल्स तथा फंक्शनों की भी सूक्ष्मता से तकनीकी जांच की गई।






*​टीमवार कार्रवाई का विवरण:*
1. ​टीम-01 (निरीक्षक परिवेश तिवारी के नेतृत्व में):- पुलिस टीम द्वारा अडानी अंबुजा सीमेंट संयंत्र 'मानव कॉलोनी' रवान में दबिश देकर वहाँ निवासरत 300 से अधिक लोगों का सत्यापन किया गया तथा सघन पूछताछ की गई। इस दौरान सुरक्षा एवं पुलिस रिकॉर्ड मिलान हेतु 50 संदिग्धों के फिंगरप्रिंट (बायोमीट्रिक डेटा) लिए गए।
2. ​टीम-02 (निरीक्षक अश्वनी सिन्हा के नेतृत्व में):- पुलिस टीम द्वारा बलौदाबाजार नगर के आंतरिक एवं संवेदनशील इलाकों जैसे- भैंसापसरा तथा रामसागरपारा में किराएदारों एवं संदिग्ध रूप से निवासरत बाहरी व्यक्तियों के दस्तावेजों की जांच की गई और मकान मालिकों को अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने के कड़े निर्देश दिए गए।
3. ​टीम-03 (सहायक उप निरीक्षक पुष्पा राठौर के नेतृत्व में):- पुलिस टीम द्वारा न्यू विस्टा सीमेंट संयंत्र 'रिसदा' की लेबर कॉलोनी में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जहाँ 50 लोगों से पूछताछ कर उनके दस्तावेजों की पड़ताल की गई तथा 18 संदिग्धों के फिंगरप्रिंट जप्त कर रिकॉर्ड में दर्ज किए गए।


​मकान मालिकों एवं उद्योग प्रबंधकों को कड़ी चेतावनी:*- ​पुलिस अधीक्षक  गौरव राय (IPS) ने जिले के सभी मकान मालिकों, ठेकेदारों तथा औद्योगिक संयंत्र प्रबंधकों से स्पष्ट अपील की है कि वे अपने यहाँ काम करने वाले बाहरी मजदूरों, कर्मचारियों तथा किराएदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। बिना सत्यापन किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को शरण देने या काम पर रखने पर संबंधित के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इसके साथ ही जिले में किसी भी प्रकार के संदिग्ध व्यक्ति या अवैध प्रवासी नागरिक की जानकारी मिलने पर टोल फ्री नंबर 1800 233 1905 पर तत्काल सूचित करें। 

Balodabazartimes

बलौदाबाजार टाईम्स न्यूज़ पोर्टल एवं चैनल

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने