पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशों पर कसडोल पुलिस की मुस्तैदी; बची एक अनमोल जान
मना करने के बावजूद बाढ़ में नाला पार करने की कोशिश में बहा था अल्ट्राटेक प्लांट का कर्मचारी
उफनते नाले के पानी के बीच पेड़ के सहारे जिंदगी और मौत से जूझ रहे युवक को रस्सी के सहारे आधी रात निकाला गया बाहर कसडोल पुलिस, 112 टीम और ग्रामीणों के संयुक्त जांबाजी एवं साहसिक प्रयास की सर्वत्र हो रही भूरि-भूरि प्रशंसा
बलौदाबाजार टाईम्स न्यूज़।।
जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में जारी मूसलाधार बारिश के बीच पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय (IPS) के निर्देशानुसार पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ आपदा प्रबंधन और जनसुरक्षा में तैनात है। इसी क्रम में दिनांक 08.08.2026 की रात्रि थाना कसडोल पुलिस, डायल 112 की टीम तथा स्थानीय ग्रामीणों के अद्वितीय साहस एवं त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन से उफनते बरघाट नाले में बहे एक युवक की सकुशल जान बचा ली गई।
*घटना का विवरण:*- दिनांक 08.08.2026 को बलार रोड स्थित बरघाट नाला में भारी बारिश के कारण भीषण बाढ़ आई हुई थी और पानी का बहाव अत्यंत तेज था। उपस्थित लोगों द्वारा बार-बार मना किए जाने के बावजूद एक युवक जोखिम उठाकर उफनते नाले को पार करने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान पानी के तेज थपेड़ों से उसका पैर फिसल गया और वह नाले के तेज बहाव में बह गया। गनीमत रही कि कुछ दूरी पर बहते हुए वह नाले के बीचों-बीच स्थित एक पेड़ के सहारे पानी में फंस गया। कसडोल पुलिस का रात में साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन:*- घटना की सूचना मिलते ही थाना कसडोल से पेट्रोलिंग टीम—उप निरीक्षक (SI) उमेश टंडन, प्रधान आरक्षक संत कुमार, आरक्षक अजय बंजारे, रविप्रकाश कंवर, विशंभर लहरें, डायल 112 से आरक्षक राजकुमार प्रजापति, चालक केशव प्रसाद तत्काल रस्सियाँ एवं आवश्यक सुरक्षा उपकरण लेकर घटनास्थल पहुँचे।
बरघाट नाला पूरी तरह उफान पर था, जिसे पार कर पाना लगभग असंभव लग रहा था और अंधेरी रात में युवक पेड़ को पकड़े जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कसडोल पुलिस टीम, डायल 112 टीम तथा स्थानीय ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय दिया। उफनती नदी में रस्सी फेंककर और योजनाबद्ध तरीके से रात के अंधेरे में तेज बहाव के बीच से युवक को खींचकर सकुशल बाहर निकाला गया।पीड़ित का विवरण:*- पुलिस द्वारा सकुशल बाहर निकाले गए युवक की पहचान धनंजय गर्ग (पिता कैलाश गर्ग, उम्र 28 वर्ष, मूल निवासी सतना, मध्य प्रदेश) के रूप में हुई, जो वर्तमान में अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट रवान में 'पॉइंट मैन' के पद पर कार्यरत है। युवक को सुरक्षित पाकर उसके परिजनों एवं सहकर्मियों ने बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का सहृदय आभार व्यक्त किया।*पुलिस अधीक्षक ने की टीम व ग्रामीणों के साहस की सराहना: पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) ने कसडोल पुलिस के जांबाज अधिकारियों, डायल 112 की टीम एवं रेस्क्यू में सहयोग करने वाले ग्रामीणों की तत्परता और अदम्य साहस की प्रशंसा की है। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वर्षा काल के दौरान उफनती नदी-नालों, पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम कतई न उठाएं और सतर्क रहें।
Tags
कसडोल


