जगजीवन नारंगे
बलौदाबाजार टाईम्स न्यूज़-- /लवन। छत्तीसगढ़ जन जागृति लोक कलाकार सांस्कृतिक समिति/कलाकार एसोसिएशन संघ (पंजीयन क्रमांक-122202333026) के तत्वावधान में लवन में ब्लॉक स्तरीय समाज गौरव सम्मान कार्यक्रम का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेशाध्यक्ष विनोद बर्मन के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में बाबा गुरु घासीदास जी की पूजा-अर्चना एवं वंदना के साथ किया गया। कार्यक्रम में समाज, संस्कृति, शिक्षा, स्वास्थ्य, पत्रकारिता एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों, समाजसेवियों, पत्रकारों, चिकित्सकों एवं शिक्षकों को समाज गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई।
सम्मान प्राप्त करने वालों में अमृतलाल कुर्रे, आर.के. साहू, हिंग्सा अनंत, राजू बार्बे, विश्वजीत बार्बे, डॉ. टी.आर. साहू, हरप्रसाद बार्बे, रमेश बंछोर, धर्मेंद्र अनंत, डॉ. आशा राणा एवं डॉ. किशोर राणा प्रमुख रूप से शामिल रहे।इस अवसर पर वक्ताओं ने लोककला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन पर बल देते हुए कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनता है। उन्होंने समाज के विकास में कलाकारों, शिक्षकों, पत्रकारों एवं समाजसेवियों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रदेशाध्यक्ष विनोद बर्मन ने कहा कि कलाकार और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत प्रतिभाशाली लोग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके योगदान को सम्मानित करना संगठन का दायित्व है। उन्होंने संगठन द्वारा कलाकारों एवं समाजहित में निरंतर कार्य करते रहने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कलाकार, पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार, शिक्षक, चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस आयोजन की उपस्थितजनों ने सराहना करते हुए इसे समाज एवं संस्कृति के उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
Tags
बलौदाबाजार लवन

