सेजेस परसापाली के छात्र दीपांशु राज खटकर की दोहरी सफलता, विद्यालय एवं क्षेत्र का बढ़ाया गौरव


राजकुमार जांगड़े 
बलौदाबाजार टाईम्स न्यूज़ सारंगढ़ बिलाईगढ़:- स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (SAGES) परसापाली के प्रतिभाशाली छात्र दीपांशु राज खटकर, पिता श्री राजकुमार खटकर, ने अपनी मेहनत, लगन एवं प्रतिभा के बल पर दो महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय, परिवार तथा क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दीपांशु का चयन प्रतिष्ठित प्रयास आवासीय विद्यालय में हुआ है, जो मेधावी विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु विशेष अवसर प्रदान करता है। इसके साथ ही दीपांशु ने नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप एग्जामिनेशन (NMMSE) में भी सफलता प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय दिया है। एक ही शैक्षणिक सत्र में दो महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त करना दीपांशु की कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं अध्ययन के प्रति समर्पण का परिणाम है। उनकी इस सफलता से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी तथा वे भी अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ ने दीपांशु को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही उनके माता-पिता के सहयोग एवं मार्गदर्शन की भी सराहना की है, जिनके प्रोत्साहन से दीपांशु ने यह मुकाम हासिल किया है। विद्यालय परिवार को विश्वास है कि दीपांशु भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र, विद्यालय एवं राज्य का नाम गौरवान्वित करेगा।

Balodabazartimes

बलौदाबाजार टाईम्स न्यूज़ पोर्टल एवं चैनल

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने