राजकुमार जांगड़े
बलौदाबाजार टाईम्स न्यूज़--- बिलाईगढ़: स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय, बिलाईगढ़ की छात्रा मोनिका ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से एक अनोखी सफलता हासिल कर सबको चौंका दिया। कक्षा 12वीं में गणित विषय से अध्ययन कर रही मोनिका ने विज्ञान को अतिरिक्त विषय के रूप में चुना, लेकिन पूरे सत्र में उन्होंने विज्ञान की एक भी कक्षा में भाग नहीं लिया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं अक्सर उन्हें चेतावनी देते थे कि बिना कक्षा में उपस्थित हुए विज्ञान विषय में सफलता पाना मुश्किल होगा। लेकिन मोनिका ने इन सभी आशंकाओं को गलत साबित करते हुए घर पर स्व-अध्ययन के दम पर विज्ञान विषय में शानदार 94 अंक प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। हालांकि उनके मुख्य विषय गणित में अपेक्षाकृत कम अंक आए, फिर भी उन्होंने कुल 78.4% अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल शिक्षकों बल्कि पूरे क्षेत्र को आश्चर्यचकित कर दिया है। मोनिका की इस सफलता पर उनके माता-पिता श्री संतोष कुमार मनहर और श्रीमती संतोषी मनहर ने गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। साथ ही विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी उनकी इस उपलब्धि की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Tags
सारंगढ़ बिलाईगढ़
