ताराचंद कठोत्रे -
बलौदाबाजार टाईम्स न्यूज- 12 नवंबर 2026/राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के तत्वाधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती विनीता वार्नर के निर्देश पर तथा सचिव आलोक पाण्डेय के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलौदाबाजार द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों, ग्रार्माे एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणजनों को उनके विधिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता के संबंध में जागरुक किया गया। शिविरों में उपस्थित लोगों को बताया गया कि न्याय प्राप्त करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है तथा आर्थिक अथवा सामाजिक परिस्थितियां किसी भी व्यक्ति के न्याय पाने के मार्ग में बाधा नहीं बननी चाहिए। इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाता है। विद्यालयों में आयोजित शिविरों के दौरान विद्यार्थियों को बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार, बाल विवाह निषेध, बाल संरक्षण, साइबर अपराधों से बचाव, नशे के दुष्परिणाम तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। वहीं ग्रामों में आयोजित शिविरों में ग्रामीणजनों को महिलाओं के अधिकार, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, घरेलू हिंसा से संरक्षण, श्रमिकों के अधिकार, लोक अदालत, मध्यस्थता एवं निःशुल्क विधिक सहायता की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।
उक्त संबंध में शिविर आंगनबाड़ी केंद्र कोसमंदी, महिला स्व सहायता समूह पचपेडी, तिपरुङ, केशला, ग्राम पंचायत नवीन अमलीडीह, शासकीय हाई स्कूल बोइतरा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अर्जुनी, मोहभट्टा, मनोहरा, भवानीपुर, गुर्री, देवरी, जान अमृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टुंड्रा एवं गायत्री विद्या पीठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छरछेद आदि स्थानों पर शिविरों के माध्यम से केवल कानून की जानकारी ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग में विधिक जागरूकता का संचार कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
Tags
बलौदाबाजार
