फोटो पत्रकारिता सच्चाई को ईमानदारी से दिखाने की विधा : विद्याधर तिवारी





राजकुमार जांगड़े 
बलौदाबाजार टाईम्स न्यूज़ - सारंगढ़ -बिलाईगढ़। शासकीय शहीद वीर नारायण सिंह महाविद्यालय, बिलाईगढ़ में आयोजित “इंटर्नशिप प्रशिक्षण पत्रकारिता एवं भाषाई दक्षता” कार्यक्रम में पत्रकारिता के विविध आयामों पर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए श्री विद्याधर तिवारी (ब्यूरो प्रमुख, विश्व परिवार दैनिक समाचार, बलौदा बाजार) ने कहा कि फोटो पत्रकारिता तस्वीरों के माध्यम से घटनाओं को निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप में प्रस्तुत करने की एक प्रभावशाली कला है। उन्होंने बताया कि सशक्त तस्वीरें समाज को जागरूक करने और सच्चाई को सामने लाने का माध्यम बनती हैं। 

कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमाकांत मिश्र ने भाषाई दक्षता विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उच्चारणगत एवं अर्थगत अशुद्धियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने भाषा की शुद्धता और प्रभावी अभिव्यक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। सहसंयोजक श्रीमती सुनीता विक्रम कोशले ने पत्रकारिता के विविध आयामों पर चर्चा करते हुए कहा कि मंच प्रस्तुति के दौरान धैर्य, आत्मविश्वास और स्पष्ट अभिव्यक्ति अत्यंत आवश्यक है।

 वहीं सहसंयोजक श्री रेशम चौहान ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रभावशाली प्रस्तुति देने की कला का व्यावहारिक उदाहरण प्रस्तुत किया तथा बेहतर प्रेजेंटेशन के गुर बताए। कार्यक्रम का संचालन भटगांव महाविद्यालय की छात्रा रामवती ने आत्मविश्वासपूर्ण एवं आकर्षक शैली में किया, जिसकी सभी छात्र-छात्राओं ने सराहना की। अंत में बिलाईगढ़ महाविद्यालय की छात्रा उषा पटेल एवं भटगांव महाविद्यालय की छात्रा हनी ने आभार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा पत्रकारिता एवं भाषाई कौशल से जुड़ी उपयोगी जानकारियों का लाभ मिला।

Balodabazartimes

बलौदाबाजार टाईम्स न्यूज़ पोर्टल एवं चैनल

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने