बलौदाबाजार टाइम्स न्यूज।।
बलौदाबाजार, 3 मार्च 2026/ बिहान समूह की महिलाओं के द्वारा कलेक्टोरेट परिसर में लगाए गए स्टॉल पर पहुंचकर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने हर्बल गुलाल की खरीदी कर उन्हें प्रोत्साहित किया। साथ ही सभी से हर्बल गुलाल प्रयोग करने की अपील भी की। उन्होंने समूह की महिला सदस्ययों को होली की शुभकामनायें दीं। जिले के ग्राम धमनी की 'वंदनी स्व सहायता समूह' की 11 महिलाएं हर्बल गुलाल का निर्माण कर रही हैं। 'बिहान' योजना के मार्गदर्शन में समूह की दीदियां प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग कर शुद्ध हर्बल गुलाल तैयार कर रही हैं, जिसे बाजारों में स्टॉल लगाकर बेचा जा रहा है।
समूह की महिलाओं ने बताया कि पहले वे केवल घर के कामों तक सीमित थीं, लेकिन राज्य सरकार की मदद और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) योजना से जुड़ने के बाद उन्हें एक नई पहचान मिली है। बाजार में उनके द्वारा बनाए गए गुलाल की भारी मांग है, जिससे होने वाली आय से न केवल उनकी आजीविका सुदृढ़ हो रही है, बल्कि वे आर्थिक रूप से पूरी तरह आत्मनिर्भर भी हो रही हैं। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर निशा नेताम मड़ावी, डिप्टी कलेक्टर रजनी छड़ीमली भी मौजूद रहे ।



