(ताराचंद कठोत्रे)
बलौदाबाजार टाईम्स न्यूज।।।
लवन। जिला बलौदाबाजार के लवन अंचल सहित आस पास के ग्रामों में श्री कृष्ण जन्माष्टमी बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ग्राम पंचायत बगबुड़ा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और उत्साह से पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया। मटकी फोड़ प्रतियोगिता में युवाओं की टोलियों ने मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर लटकाई गई मटकी को फोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला, पुरुष एवं बच्चे प्रतियोगिता देखने पहुंचे। युवाओं के उत्साह और तालियों की गूंज से आयोजन स्थल पर उत्सव का माहौल बना रहा।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने टीम भावना, साहस और आपसी सहयोग का प्रदर्शन किया। मटकी फोड़ने के लिए युवाओं की टोलियों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मटकी फूटते ही उपस्थित लोगों ने जय श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। मटकी प्रतियोगिता में गजेन्द्र यादव और दामिनी यादव ने एक एक बार मटका फोड कर जीत दर्ज किए वहीं ईश्वर वर्मा ने सर्वाधिक तीन बार मटका फोड कर जीत दर्ज कर पुरस्कार प्राप्त किए। आयोजन समिति के संचालक गिरधारी वर्मा, सिया साहू, मोहन वर्मा , हर्ष वर्मा,एवं ग्रामीणों ने बताया कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से गांव में आपसी भाईचारा मजबूत होता है तथा युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया और विजेता टीम को सम्मानित किया गया।
Tags
बलौदाबाजार

